बीते दिनों शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म पठान के गाने बेशरम रंग पर खूब विवाद हुआ। देखते-देखते इस विवाद ने धार्मिक और राजनीतिक रंग भी ले लिया। यह विवाद अभी ठंडा भी नहीं पड़ा है कि इसी बीच निर्माताओं ने फिल्म का एक और गाना रिलीज कर दिया। फिल्म का गाना झूमे जो पठान रिलीज कर दिया गया है। गाने की घोषणा के बाद से ही सोशल मीडिया पर प्त झूमे जो पठान ट्रेंड कर रहा था।
बेशरम रंग के बाद एक बार फिर शाहरुख और दीपिका की दमदार परफॉर्मेंस केमिस्ट्री देखने को मिली है। झूमे जो पठान को विशाल-शेखर ने कंपोज किया है। इस गाने को अरिजीत सिंह, सुक्रिती कक्कड़ और विशाल शेखर ने गाया है। जहां बेशरम रंग की कोरियोग्राफी वैभवी मर्चेंट ने की थी वहीं इस पार्टी नंबर के स्टेप्स कोरियोग्राफर बॉस्को और सीजर की जोड़ी ने किया है। यह जोड़ी बॉलीवुड के कई पार्टी सॉन्ग कोरियोग्राफ कर चुकी है।
सोशल मीडिया पर शाहरुख के प्रशंसक उनका समर्थन कर रहे हैं। विवादों के बीच शाहरुख ने एक कार्यक्रम में आलोचकों को सीधा जवाब दिया था। शाहरुख ने कहा था, ये बात बताने में मुझे बिल्कुल भी आपत्ति नहीं है कि दुनिया कुछ भी कर ले, मैं और आप लोग और जितने भी पॉजिटिव लोग हैं, सब के सब जिंदा हैं। उन्होंने हाल ही में आस्क मी एनिथिंग सेशन में यह भी बताया कि पठान एक देशभक्ति फिल्म है। भारी विवाद के बाद भी यूट्यूब पर बेशरम रंग की धूम मची हुई है। यशराज फिल्म्स के चैनल पर मौजूद इस गाने को 100 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है।