उत्तराखंड:पिछले 24 घंटे में जंगलों में 88 जगहों पर लगी आग, गर्मी बढ़ने के साथ वनाग्नि घटनाओं में इजाफा
तापमान बढ़ने के साथ ही उत्तराखंड में आग की घटनाएं भी बढ़ती जा रही हैं। सोमवार को राज्यभर में आग की 88 घटनाएं दर्ज की गईं। इसमें अल्मोड़ा में आग की 36 घटनाएं दर्ज की गई। यहां इस सीजन में सबसे ज्यादा 76 घटनाएं अब तक दर्ज की जा चुकी हैं। इसमें करीब 127 हेक्टेयर जंगल जल चुके हैं। वहीं, पिथौरागढ़ जिले में सोमवार को दस जगह आग लगी।
सदियों से उत्तराखंड के जंगलों को आग से बचा रहा ये खास झाड़ू, आधुनिक उपकरणों को देता है मात
अब तक आग की घटनाओं के मामले में बागेश्वर 57 घटनाओं के साथ दूसरे और उत्तरकाशी 56 घटनाओं के साथ तीसरे स्थान पर है। वहीं, नैनीताल जिले के विभिन्न प्रभागों में इस सीजन में आग लगने की 20 घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिसमें करीब 21 हेक्टेयर जंगल जल चुका है।
ऊधमसिंह नगर जिले में सोमवार को आग की कोई घटना नहीं हुई। चंपावत में सोमवार को दो आबादी वाले इलाकों तक आग पहुंची। इस सीजन में अब तक जिले में 18 हेक्टेयर जंगल जल चुके हैं। पौड़ी, गढ़वाल वन प्रभाग पौड़ी में आरक्षित वन क्षेत्र में वनाग्नि की 20 घटनाएं हुई हैं। इसमें 42.65 हेक्टेयर जंगल आग की भेंट चढ़ चुका है। वहीं, सिविल वन प्रभाग में 9 घटनाओं हुईं|
तापमान के साथ ही आग की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। इसे लेकर विभाग पूरी तरह अलर्ट है। एसडीआरएफ से भी मदद ली जा रही है। स्थानीय लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है। लोगों से अपील की जा रही है कि जंगलों को आग से बचाएं और तत्काल इसकी सूचना विभाग को दें।